भाकृअनुप-खरपतवार अनुसंधान निदेशालय में 21 जून 2026 को 12वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस अत्यंत उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 06:30 बजे हुई। नोडल अधिकारी श्री टी लखेरा द्वारा स्वागत भाषण और इस वर्ष की वैश्विक थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" (Yoga for Healthy Ageing) पर संक्षिप्त परिचय दिया गया। उन्होंने वैज्ञानिक और अनुसंधान कार्यों के तनाव के बीच दैनिक जीवन में योग की प्रासंगिकता पर बल दिया.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं योग विशेषज्ञ के कुशल मार्गदर्शन में आयुष मंत्रालय के सामान्य योग प्रोटोकॉल (CYP) के अनुसार सत्र का संचालन किया गया। सर्वप्रथम 'ॐ' के उच्चारण और शांति प्रार्थना से वातावरण को सकारात्मक बनाया गया। इसके पश्चात गर्दन, कंधे और घुटनों के लिए सूक्ष्म व्यायाम (Warm-up) कराए गए. मुख्य ट्रेनर द्वारा प्रतिभागियों को खड़े होकर, बैठकर और लेटकर किए जाने वाले विभिन्न महत्वपूर्ण आसनों का अभ्यास कराया गया. इसके साथ ही, फेफड़ों की कार्यक्षमता और मानसिक एकाग्रता बढ़ाने के लिए कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम का सत्र आयोजित हुआ. अंत में, 5 मिनट के मौन ध्यान (Meditation) और 'विश्व शांति पाठ' के साथ योग अभ्यास संपन्न हुआ.
निदेशालय के आदरणीय निदेशक डॉ जे एस मिश्र द्वारा मुख्य योग ट्रेनर श्री नारायण प्रसाद केवट जी को उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन और समय के लिए निदेशालय परिवार की ओर से बुके और स्मृति चिन्ह (Memento) भेंट कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के अंतिम चरण में नोडल अधिकारी श्री टी लखेरा द्वारा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन (Vote of Thanks) प्रस्तुत किया गया. उन्होंने निदेशालय परिसर में योग शिविर के सफल आयोजन के लिए निदेशक महोदय का आभार व्यक्त किया । इस विशेष शिविर में निदेशालय के वैज्ञानिकगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, तकनीकी अधिकारी /कर्मचारी एवं अन्य सहायक स्टाफ सहित लगभग 70 से 80 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।