भाकृअनुप-खरपतवार अनुसंधान निदेशालय (ICAR-DWR), जबलपुर द्वारा रबी 2026 के "खेत बचाओ अभियान" (KBA) का शुभारंभ जबलपुर जिले के पनागर विकासखंड के ग्राम बम्हनोदी में किया गया। कार्यक्रम निदेशक डॉ. जे. एस. मिश्रा, मेरा गाँव मेरा गौरव (MGMG) के नोडल अधिकारी डॉ. पी. के. सिंह तथा खेत बचाओ अभियान की नोडल अधिकारी डॉ. सुरभि होता की उपस्थिति में आयोजित हुआ। अभियान दल में शस्य विज्ञान, प्रसार, मृदा विज्ञान, पादप रोग विज्ञान, कीट विज्ञान और अर्थशास्त्र के वैज्ञानिक शामिल थे।
कार्यक्रम में कुल 85 किसानों ने भाग लिया। वैज्ञानिकों ने किसानों को रबी फसलों में मृदा परीक्षण, उर्वरकों के संतुलित उपयोग, समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन, प्राकृतिक खेती और समेकित खरपतवार प्रबंधन के महत्व के बारे में जागरूक किया।
किसानों ने अपने खेतों में आने वाली खरपतवार संबंधी समस्याएँ साझा कीं, जिनका समाधान वैज्ञानिकों ने मौके पर ही किया। किसानों से आग्रह किया गया कि वे वैज्ञानिक विधि से खरपतवार प्रबंधन अपनाकर खेती की लागत घटाएँ, अपनी फसल बचाएँ और मिट्टी की सेहत बनाए रखें। यह अभियान रबी मौसम में आगे अन्य गाँवों में भी चलाया जाएगा।